किसान आन्दोलन और राजनीति
किसान आन्दोलन और राजनीति
किसान आन्दोलन और किसान राजनीति भारत में कभी भी स्थायी भाव या दीर्घ राजनीति का विषय नहीं बना है, या जानबूझकर बनाया नहीं गया है। लेकिन भावनात्मक राजनीति में किसान शब्द का बहुत उपयोग हुआ है, जैसे देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की राजनीति की सफल शुरुआत 1920 में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में उनके द्वारा आयोजित किसान मार्च से मानी जाती है। हो सकता है कि विद्वानों को इस पर आपत्ति हो, लेकिन फिर भी यह किसान मार्च नेहरू के राजनैतिक कैरियर के लिये मील का पत्थर ही साबित हुआ। इसके बावजूद नेहरू हमेशा औद्योगिक, वैज्ञानिक और वैश्विक राजनीति के लिये काम करते ही नजर आये। उनके समर्थक और विरोधी भी उनकी औद्योगिकीकरण की नीति के ही आसपास घूमते रहते हैं।
नेहरू के बाद आये शास्त्री जी से लोगों को उम्मीदें तो थीं, लेकिन सिवाय ‘जय जवान, जय किसान’ नारे यानी भावनात्मक अपीलों के वे भी कुछ और खास कर नहीं पाये या करने का उनके पास शायद समय नहीं था। तो इसी तरह से देश के हर प्रधानमंत्री से घूमते हुए हम वर्तमान प्रधानमंत्री तक आ जाते हैं, लेकिन सिवाय भावनात्मक मुद्दों के कुछ मिलता नहीं दिखता है। किसानों की आय दोगुनी होने या बढ़ाने की वायदे तो हो रहे हैं, लेकिन जिस अस्थिरता के साथ लागतों का उतार-चढ़ाव होता है, उससे आय की वृद्धि कैसे कितनी होगी इसका स्पष्ट खाका कभी बनता नहीं दिखता है।
वैसे, किसान की पहचान को अगर हम देखें तो पाएँगे इसमें सवर्ण से लेते हुए पिछड़ों की विशाल संख्या के साथ ही दलित मानी जाने वाली जातियों की भी अच्छी उपस्थिति है, साथ ही मुस्लिम, सिख यानी दूसरे समुदायों का प्रतिनिधित्व भी अच्छा है यानी किसान एक तरह से अपने आप में जाति, धर्म और भाषा जैसे भेद को पीछे छोड़ते हुए एक सम्पूर्ण पहचान रखने का माद्दा रखता है। लेकिन फिर भी आज तक किसान पहचान की राजनीति कभी दूसरे पायदान तक भी पहुँचती नहीं दिखी है।
खेती में नई बात
ये तो हो गई पुरानी बातें। अब नई बात करते हैं। अभी इसी गाँधी जयन्ती के दिन किसानों की एक यात्रा दिल्ली पहुँचने को थी। ये किसान दिल्ली किसी शहर के नाते नहीं, बल्कि देश की राजधानी होने के नाते पहुँच रहे थे, जिससे सत्ता पर दबाव बनाएँ और कृषि की विसंगतियों को दूर कराया जाये। इनमें तमाम बाजारों और कम्पनियों पर बकाया पैसे मिलने का दबाव, फसल की कीमत लागत के हिसाब से तय की जाये और कृषि लागतों में कमी करने के साथ ही बेहतर संसाधन मुहैया कराए जाने की माँग थी यानी किसानों की माँगें वही रही हैं, जो हमेशा चली आ रही हैं। लेकिन इन पर हो कुछ नहीं रहा है। मसलन, उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों का बकाया बसपा, सपा और अब भाजपा की सरकार में भी वैसे का वैसा है।
तो जब किसानों की समस्याओं के लिये किसी भी राजनैतिक दल से कोई समर्थन वास्तविक रूप यानी नीतिगत रूप से नहीं दिखता है, तब ऐसे में किसानों या यों कहें कृषि से जुड़ी विशाल आबादी के अन्दर एक छटपटाहट तो होती है। दूसरी बात आज सूचना क्रान्ति और पूँजी के प्रवाह ने जानकारी और आवागमन को इतना आसान कर दिया है कि किसान आसानी के साथ एक दूसरे संवाद स्थापित कर ले रहे हैं। और किसान नाम की पहचान पर इकट्ठा खड़े हो रहे हैं। यह तो अच्छा शगुन है क्योंकि तमाम वाद की राजनीति से किसान वाद की राजनीति अधिक भली होगी। लेकिन कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि यह किसान आन्दोलन या जैसे अभी दिल्ली में जो यात्रा निकाली गई वह जाति विशेष या खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में राजनीति के पुराने सूरमाओं के उकसाने पर हुई। भारतीय किसान यूनियन के टिकैत परिवार की अगली पीढ़ी की स्थापना चौधरी, महेंद्र टिकैत के स्थान पर करने की कोशिश भर है। लेकिन ऐसा कुछ दिखता तो नहीं है। मसलन, अभी कुछ महीने पहले दिल्ली में तमिलनाडु से आये किसानों ने प्रदर्शन किये उसके बाद कर्नाटक और तेलंगाना के किसानों का विरोध प्रदर्शन राष्ट्र के पटल पर आया था।
हाँ, यह हो सकता है कि पश्चिमी यूपी और हरियाणा दिल्ली से अपनी सीमा साझा करते हैं, तो इनके हमेशा दिल्ली पहुँचने के कारण या बाजार में आसानी से पहुँच के कारण थोड़े रईस दिखते किसानों को देखकर यह आरोप लगा दिये गए हैं। जाहिर है कि मेरठ, गाजियाबाद का किसान जितना जल्दी दिल्ली पहुँचेगा उतनी जल्दी तमिलनाडु या फिर छत्तीसगढ़ वाला नहीं पहुँचेगा। फिर भी अगर किसानों को कोई राजनैतिक ट्रेनिंग दे रहा है और इस राजनीति पर इकट्ठा कर रहा तो इसे खराब कैसे माना जा सकता है, बढ़िया ही है।
कोई टिप्पणी नहीं